
मुरादाबाद। शहर के पॉश इलाके बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड में रविवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश छह बदमाश पीतल कारोबारी एवं प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इमरान के घर में घुस गए और परिवार को तमंचों के बल पर बंधक बनाकर करीब 1.20 करोड़ रुपये की नकदी, सोने के जेवर और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वारदात रविवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे हुई। बदमाश किसी तरह बाहर का गेट खोलकर घर में दाखिल हुए और जीने के रास्ते पहली मंजिल तक पहुंच गए। उस समय कारोबारी इमरान अपने बड़े बेटे आरिफ के साथ एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में पत्नी सीमा और छोटा बेटा अरकान मौजूद थे। तीसरे कमरे में दोनों बेटियां अरीबा और अरीना सो रही थीं।बदमाशों ने पूरे परिवार को तमंचों के बल पर कब्जे में ले लिया और रजिस्ट्री के लिए घर में रखी रकम के बारे में पूछताछ की। कारोबारी के मुताबिक उन्होंने एक प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के लिए 1.20 करोड़ रुपये घर में रखे थे। बदमाश नकदी के अलावा करीब छह तोला सोने के जेवर भी लूट ले गए।
करीब दस मिनट तक घर में आतंक मचाने के बाद बदमाश परिवार को एक कमरे में बंद कर भागने लगे, लेकिन इमरान के बेटे आरिफ ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। हालांकि बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाश घर का डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
