
रिपोर्ट: हरीश मुंदेरिया/स्टेट हेड मध्य प्रदेश
विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मध्य संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत दिनांक 16 जून 2026 को वीर सावरकर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पचोर में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी.सी. भूरिया के मार्गदर्शन में किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय परिसर के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने का आह्वान किया।इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर आर.के. गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि युवा वर्ग स्वच्छता के प्रति जागरूक होगा, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई देगा।राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रभारी प्रोफेसर सतीश कुमार बैरागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं स्वच्छ भारत अभियान से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया।अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक प्रोफेसर कपिल कुमार परमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि स्वच्छता प्रत्येक व्यक्ति के संस्कार एवं अनुशासन का परिचायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।स्वच्छता अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर, कक्षाओं, उद्यान क्षेत्र एवं अन्य स्थानों की साफ-सफाई की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए श्रमदान किया तथा स्वच्छ परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया। महाविद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से पूरा परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई दिया।कार्यक्रम के सफल संचालन में महाविद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा तथा विशेष सहयोग श्री विकास चौहान द्वारा प्रदान किया गया।अंत में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
